अयोध्या रहा प्रदेश में सबसे ठंडा,विक्षोभ के चलते होगी तापमान में बढ़ोतरी

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)08दिसंबर,2025.

मौसम का मिजाज एक बार फिर से रविवार को बदल गया। न्यूनतम तापमान में एक दिन के भीतर ही तीन से पांच डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने इसकी संभावना पहले ही जता दी थी कि दो से तीन दिन तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी और उसके बाद धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार,पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ऐसा परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में परिवर्तन का असर दिख रहा है। जब ये दोनों पश्चिमी विक्षोभ दो से तीन दिन में गुजर जाएंगे तो धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। इसके अलावा अधिकतम तापमान में भी थोड़ी गिरावट आ सकती है। उन्होंने बताया कि सुबह ज्यादातर जगहों पर हल्का कोहरा और धुंध के आसार बने रहेंगे। हवा पछुआ ही चलेगी।

न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी का क्रम फिलहाल दो से तीन दिन तक रहने की संभावना है। प्रदेश में रविवार को सबसे ठंडा अयोध्या रहा जहां 5.5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। शनिवार को कानपुर का न्यूनतम तापमान जहां 5 डिग्री था,वहां यह पांच डिग्री के उछाल के साथ 10 डिग्री पहुंच गया। वहीं राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री से बढ़कर 10.7 डिग्री हो गया।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *