देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड क्रिकेट टीम को पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को राज्य के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड टीम की यह सफलता प्रदेश के खिलाड़ियों के मनोबल और आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देगी। उन्होंने टीम के बेहतर तालमेल, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और समर्पण का यह सकारात्मक परिणाम है।
श्री धामी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन को भी बधाई दी और कहा कि एसोसिएशन के निरंतर प्रयासों और योजनाबद्ध प्रशिक्षण का यह प्रतिफल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास पर लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।
उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले के लिए टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उत्तराखंड की टीम जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश करेगी और राज्य का गौरव और बढ़ाएगी।
