आपदा न्यूनीकरण व विकास योजनाओं के लिए ₹44.64 करोड़ स्वीकृत

Uttarakhand News

देहरादून, 12 मार्च 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जन सुविधाओं के विकास, आपदा न्यूनीकरण, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, पार्किंग और सामुदायिक भवनों के निर्माण तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए ₹44.64 करोड़ की धनराशि की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) द्वारा आयोजित नेशनल लैंडस्लाइड रिस्क मिटिगेशन प्रोग्राम (एनएलआरएमपी) के तहत संभावित जोखिम वाले भू-स्खलन क्षेत्रों के न्यूनीकरण के लिए ₹1 करोड़ की प्रथम किश्त स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन भी दिया है।

इसके अलावा विभिन्न जनपदों के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्यों के लिए एमएसएमई अवस्थापना विकास मद के अंतर्गत ₹1.99 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
साथ ही राजकीय जनजाति छात्रावास खटीमा में मरम्मत एवं निर्माण कार्यों के लिए ₹46.14 लाख तथा राजकीय जनजाति छात्रावास काशीपुर में विभिन्न कार्यों के लिए ₹37.71 लाख की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने देहरादून जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में गोरखासंध धर्मशाला, चंद्रबनी के जीर्णोद्धार और पार्किंग निर्माण के लिए ₹38.97 लाख, जबकि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के गुनियाल गांव सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए ₹65.93 लाख मंजूर किए हैं।
इसके साथ ही जिला कारागार सितारगंज के विस्तार कार्यों के लिए ₹38.15 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के तहत स्थानीय निकायों के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए ब्लॉक स्तर पर लोक स्वास्थ्य इकाइयों की कार्ययोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में ₹1.62 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने का भी अनुमोदन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *