देहरादून में बड़ी प्रशासनिक बैठक: पार्किंग, पेयजल और सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

Uttarakhand News

देहरादून, 19 मार्च 2026 मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहरी विकास, पेयजल और लोक निर्माण विभाग के विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में नीलकंठ महादेव (पौड़ी गढ़वाल) और रामनगर (नैनीताल) में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण को स्वीकृति दी गई, साथ ही निर्माण कार्य में गाइडलाइंस, टर्निंग रेडियस और अन्य तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नीलकंठ महादेव में पार्किंग स्थल का जियोटेक्निकल सर्वे और भवन के फसाड के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा पेयजल विभाग की पीपलकोटी, तिलवाड़ा और ऊखीमठ पेयजल योजनाओं के साथ ही लालकुआं सीवरलाइन परियोजना को भी मंजूरी मिली। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित योजनाओं में मीटरिंग व्यवस्था लागू करने, सीवरलाइन परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने और इसकी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत काठगोदाम बाईपास मार्ग (3.5 किमी) और 75 मीटर स्पान के सेतु निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, दिलीप जावलकर और रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *