खटीमा/देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को सड़क मार्ग से काशीपुर से खटीमा पहुंचे। इस दौरान यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा उनका भव्य और अभूतपूर्व स्वागत किया गया। कई स्थानों पर बुलडोजर के माध्यम से भी स्वागत कर लोगों ने अपना उत्साह और समर्थन प्रदर्शित किया।
यात्रा के दौरान काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, दिनेशपुर, किच्छा और सितारगंज सहित कई क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए खड़े दिखाई दिए। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। हर स्थान पर भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए उत्साहपूर्वक भागीदारी दिखाई।
जगह-जगह आयोजित स्वागत कार्यक्रमों ने यह स्पष्ट किया कि प्रदेश की जनता राज्य सरकार की विकास नीतियों और जनहितकारी निर्णयों के साथ मजबूती से खड़ी है और विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का अपार स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उन्हें प्रदेश के विकास, सुशासन और जनसेवा के लिए और अधिक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समग्र और संतुलित विकास के लिए संकल्पबद्ध है, ताकि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।
