नागथात, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय केदार सिंह स्टेडियम, नागथात में आयोजित जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए समरजेंस मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने, यमुना नदी पर 60 मीटर स्पैन पुल निर्माण, विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण एवं विस्तार, नई पेयजल योजनाओं तथा ग्रामीण संपर्क मार्गों के विकास की घोषणा की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनसार-बावर अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य और मेहनतकश जनता के लिए पूरे प्रदेश में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि यहां की हारूल, रासो और बौंद जैसी लोक परंपराएं उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार भी जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 128 जनजातीय गांवों को चिन्हित किया गया है, जहां सड़क, बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जबकि बाजपुर और चकराता में नए विद्यालयों का निर्माण कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चकराता क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत 56 योजनाओं में से 51 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। क्षेत्र की सड़कों को मजबूत करने के लिए 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं पर कार्य चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग 707 और 707ए का चौड़ीकरण भी युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग योजना पर लगभग 229 करोड़ रुपये की लागत से कार्य जारी है। वहीं, श्री महासू देवता मंदिर परिसर के भव्य विकास के लिए 120 करोड़ रुपये की मास्टर प्लान परियोजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
