100 फीसदी फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन, सात जिलों के 13 बीएलओ बने मिसाल

Uttarakhand News

देहरादून, 16 जून। उत्तराखण्ड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत प्रदेश के सात जनपदों के 13 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने महज आठ दिनों में गणना फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर मिसाल पेश की है। इस उपलब्धि पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी बीएलओ को बधाई देते हुए उनके कार्य की सराहना की है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 8 जून से शुरू हुआ है और प्रदेशभर में तैनात सभी कार्मिक पूरी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय से पहले कार्य पूरा करने वाले बीएलओ अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।

अभियान के पहले चरण में कार्य पूर्ण करने वालों में अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से रमेश पुजारी और पुष्पा देवी, चमोली जिले की बद्रीनाथ विधानसभा से पान सिंह नेगी तथा कर्णप्रयाग विधानसभा से हरीश नैनवाल शामिल हैं।

इसके अलावा देहरादून जिले की चकराता विधानसभा क्षेत्र से मीनाक्षी रावत, पौड़ी विधानसभा क्षेत्र से गब्बर सिंह, संगीता रावत और विजय बिष्ट ने भी निर्धारित समय से पहले कार्य पूरा किया। पिथौरागढ़ जिले की डीडीहाट विधानसभा से कर्ण बहादुर कार्की और जानकी चंद, रुद्रप्रयाग जिले की केदारनाथ विधानसभा से उषा रावत और निर्मला देवी तथा टिहरी गढ़वाल जिले की धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र से सुमन ने भी गणना फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया है।

निर्वाचन विभाग के अनुसार इन बीएलओ ने न केवल मतदाताओं तक गणना फार्म पहुंचाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया, बल्कि प्राप्त आंकड़ों का डिजिटाइजेशन भी निर्धारित समय से पहले संपन्न कर दिया। विभाग ने उम्मीद जताई है कि इन अधिकारियों की कार्यशैली से अन्य बीएलओ भी प्रेरित होंगे और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को समयबद्ध तरीके से सफल बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *