चमोली में विकास को मिली नई रफ्तार, मुख्यमंत्री ने 63 योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

Uttarakhand News

गोपेश्वर (चमोली), 15 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में चमोली जनपद को ₹155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने ₹113.99 करोड़ की लागत वाली 36 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली जनपद के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें जोशीमठ-नीति मार्ग पर जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर 78 मीटर लंबे लौह सेतु का निर्माण, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं विस्तार, नंदानगर की पर्वतीय नहरों का पुनरुद्धार, बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, पशु चिकित्सालय तलवाड़ी, सामुदायिक भवन एवं पार्किंग, विद्यालय भवन, स्टील गर्डर सेतु तथा अनेक सड़क अवसंरचना परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, सेमी-मासों, हापला-गुड़म-नैल-नौली और नंदासैंण-मालई मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण, जिला चिकित्सालय चमोली एवं बीपीएचयू पोखरी में स्वास्थ्य भवन, विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं एवं आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज तथा कई मोटर मार्गों के उन्नयन कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से चमोली में सड़क संपर्क बेहतर होगा, स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएं मजबूत होंगी, पर्यटन एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *