शिक्षा के सितारों का अभिनंदन, जन जागरण अभियान समिति ने किया 9 मेधावी बेटियों का सम्मान

Uttarakhand News

देहरादून, 15 जुलाई। राजधानी देहरादून के डीएल रोड स्थित कन्या गुरुकुल परिसर में बुधवार को सामाजिक संस्था जन जागरण अभियान समिति द्वारा उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 9 मेधावी छात्राओं को ‘नवरत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि जन जागरण अभियान समिति समाजहित में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी सामाजिक पहलें राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।

विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित करना अत्यंत प्रेरणादायी कार्य है। उन्होंने कहा कि आज की ये बेटियां भविष्य में समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर महिला आयोग उनके साथ खड़ा रहेगा।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत में महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मानित छात्राएं भविष्य में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचकर देश और समाज की सेवा करेंगी।

कन्या गुरुकुल की प्रधानाचार्या हेमन पाठक ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेधावी छात्राओं का सम्मान अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। वहीं मुख्य वक्ता समाजसेविका विजयालक्ष्मी ने छात्राओं को नियमित अध्ययन के साथ-साथ सुंदर हस्तलेखन पर भी विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि सामाजिक कार्यों से उन्हें आत्मिक संतोष मिलता है और ऐसी पहल उन्हें अपने पिता स्वर्गीय बृजकिशोर प्रसाद से मिली प्रेरणा का परिणाम है। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संरक्षक डॉ. राजेश डोभाल ने किया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था ने सहयोग देने वाले कांशी ज्वेलर्स, डाउनकाउंट बेकर्स, जय प्रकाश एंड संस, संत कबीर डेरी तथा चड्ढा बेकर्स के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित कर आभार व्यक्त किया।

‘नवरत्न सम्मान’ से सम्मानित छात्राएं

  • मानसी (कक्षा 12) – डीएवी इंटर कॉलेज, देहरादून – 94.6%
  • प्रियांशी (कक्षा 12) – एसवीएमआईसी, नथुवावाला – 93.4%
  • आरोही (कक्षा 10) – हिल ग्रीन पब्लिक स्कूल – 96.6%
  • मानवी खत्री (कक्षा 10) – शिवालिक भागीरथी पब्लिक स्कूल – 96.5%
  • मानसी (कक्षा 10) – सेंट जॉर्ज एकेडमी – 94.8%
  • साक्षी (कक्षा 10) – पीएम श्री जीआईसी मालदेवता – 94.6%
  • अक्षिता नेगी (कक्षा 10) – हिल क्वीन पब्लिक हाई स्कूल
  • नंदिनी (कक्षा 10) – स्नेहा दून अकादमी – 92.6%
  • श्रुति सूद (कक्षा 10) – एसजीएनपी एमआईसी, खुरबुरा – 92.6%

इस अवसर पर संस्था के संरक्षक पीयूष भटनागर, धनंजय कुकरेती, उपाध्यक्ष प्रमोद बेलवाल, प्रो. अर्चना डीमरी, विजय शुक्ला, सौरभ त्रिपाठी, खुशी रावत, सताक्षी सहित छात्राओं के अभिभावक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *