देहरादून, 7 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में संपन्न कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पदक विजेताओं, प्रशिक्षकों एवं उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।
सम्मानित होने वालों में पैरा एथलीट शुभम जुयाल (रजत पदक विजेता, रुड़की), जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा (कांस्य पदक विजेता, देहरादून), शुभम जुयाल के प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत (पौड़ी), उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चन्द्र शर्मा एवं पुनेश कुमार सिंह (देहरादून) तथा भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानन्द बेलवाल (हल्द्वानी) शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य और देश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, परिवार का सहयोग और वर्षों की निरंतर साधना होती है, इसलिए खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों का सम्मान भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करना है। इसी उद्देश्य से आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल नीति को और अधिक प्रभावी बनाया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति तथा विशेष प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। महिला खिलाड़ियों, दिव्यांग खिलाड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों की उभरती प्रतिभाओं को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश का प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सके।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति में अपार संभावनाएं हैं और सरकार खेलों को रोजगार, स्वास्थ्य तथा व्यक्तित्व विकास से जोड़ते हुए आगे बढ़ रही है। खेल विश्वविद्यालय, खेल अकादमियों के सुदृढ़ीकरण, प्रशिक्षकों के क्षमता विकास तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेंगे तथा उत्तराखंड के युवा खेलों के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। उन्होंने सभी सम्मानित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग देती रहेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा तथा खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
