देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान कुल ₹146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की धनराशि लाभार्थियों के खातों में सीधे हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरण किया जा रहा है, जिससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि बुजुर्ग माता-पिता, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को पेंशन के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक, समय पर और बिना किसी परेशानी के उसका अधिकार पहुंचाना सरकार का संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का समग्र विकास समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास से ही संभव है।
इन पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को मिली राशि
जुलाई 2026 में कुल 9,87,017 लाभार्थियों को विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत ₹146.32 करोड़ की धनराशि वितरित की गई।
- वृद्धावस्था पेंशन: 6,15,628 लाभार्थियों को ₹1,500 प्रतिमाह की दर से ₹92.34 करोड़
- विधवा पेंशन: 2,36,983 लाभार्थियों को ₹1,500 प्रतिमाह की दर से ₹35.54 करोड़
- दिव्यांग पेंशन: 89,128 लाभार्थियों को ₹1,500 की दर से ₹13.36 करोड़
- किसान पेंशन: 27,288 लाभार्थियों को ₹1,200 की दर से ₹3.20 करोड़
- परित्यक्ता पेंशन: 8,284 लाभार्थियों को ₹1,200 की दर से ₹99.408 लाख
- भरण-पोषण अनुदान: 7,383 लाभार्थियों को ₹700 की दर से ₹51.68 लाख
- तीलू रौतेली पेंशन: 2,196 लाभार्थियों को ₹1,200 की दर से ₹26.35 लाख
- बौना पेंशन: 127 लाभार्थियों को ₹1,200 की दर से ₹1.524 लाख
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किश्त का भुगतान कर दिया गया है। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं, जिन्हें वर्तमान में SNA स्पर्श नामक नवीन प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।
इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, गोवर्धन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
