केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं पर सरकार की पैनी नजर, प्रभारी सचिव ने की वर्चुअल समीक्षा

Uttarakhand News

देहरादून, 18 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए राज्य सरकार लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है। इसी क्रम में प्रभारी सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने मंगलवार को रुद्रप्रयाग जनपद में संचालित केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की वर्चुअल माध्यम से विस्तृत समीक्षा की।

प्रभारी सचिव ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से यात्रा मार्ग, प्रमुख पड़ावों, श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने यात्रा के दौरान सामने आ रही चुनौतियों और उनके त्वरित समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं सुचारु

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। जनपद में पेयजल और विद्युत आपूर्ति की स्थिति सामान्य है तथा संबंधित विभाग व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

डॉ. आर. राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम तक सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखा जाए। यात्रियों की सुविधा से जुड़ी छोटी से छोटी समस्या का भी तत्काल संज्ञान लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने के निर्देश

प्रभारी सचिव ने यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी महसूस की जा रही है। जिला प्रशासन ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की अतिरिक्त तैनाती का अनुरोध किया।

इस पर डॉ. आर. राजेश कुमार ने यात्रियों को बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच रहे हैं, इसलिए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य तंत्र पूरी तरह तैयार रहना चाहिए।

घोड़ा-खच्चरों की व्यवस्था पर भी विशेष जोर

प्रभारी सचिव ने यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों एवं अन्य पशुओं से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य, संचालन और पशु कल्याण से जुड़े प्रबंधों की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान घोड़ा-खच्चरों एवं अन्य पशुओं के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित हो। पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

आपसी समन्वय से काम करें सभी विभाग

डॉ. आर. राजेश कुमार ने यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा राज्य की महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में शामिल है और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने जिलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग पर सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी के साथ आवश्यकता के अनुसार तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *