स्वतंत्रता दिवस: मुख्यमंत्री ने कुरूक्षेत्र में ध्वजारोहण किया, शहीदों को श्रद्धांजलि दी

Hariyana

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुरूक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान हरियाणा सद्भाव, सौहार्द, समान विकास, समरसता के साथ-साथ उन बदलावों का साक्षी रहा है, जिनसे हर आदमी का जीवन सरल, सुगम और सुरक्षित हुआ है।

उन्होंने कहा कि इन 10 वर्षों में वर्तमान राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता को भेदभाव करने वाली व्यवस्था से आजादी दिलाई है। भय, भ्रष्टाचार व भाई-भतीजावाद से, विकास में असमानता करने वाले क्षेत्रवाद से, युवाओं को सरकारी नौकरियां पाने में पर्ची-खर्ची से हमने आजादी दिलवाई है।

लोगों को सरकारी सेवाओं व योजनाओं का लाभ पाने के लिए दफ्तर, दरखास्त और दस्तावेज तथा उद्यमियों व कारोबारियों को लालफीताशाही से आजादी दिलाई है। गांवों को लाल डोरे के बंधन से मुक्त किया है और महिलाओं को रसोई के धुएं से आजादी दिलवाई है और आज हमारी माताएं-बहनें सुरक्षित महसूस करती हैं।

उन्होंने कहा कि हमने हरियाणा एक-हरियाणवी एक के भाव से ही प्रदेश के हर क्षेत्र का समान विकास सुनिश्चित किया है। इस उद्देश्य से, हमने पूरे प्रदेश में बड़ी-बड़ी परियोजनाएं स्थापित की हैं। हर जिले को एनएच से जोड़ने के लिए, प्रदेश में 20 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किये गये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सभी स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर आजादी की रक्षा करने का प्रण लें। साथ ही अपनी महान सांस्कृतिक परम्पराओं और उच्च नैतिक मूल्यों पर चलते हुए देश व प्रदेश को अधिक स्वच्छ, स्वस्थ, समृद्ध, सशक्त व विकसित बनाने के लिए कठोर परिश्रम करने का संकल्प दोहराएं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रगान की धुन के साथ ध्वजारोहण किया और देश की आजादी में योगदान एवं बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को याद किया और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शहीदी स्मारक पर वीर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने परेड की टुकड़ियों का निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *