सीएम योगी ने जनता दर्शन में शिकायतें सुनीं,कहा – हर समस्या का होगा समाधान

Uttar Pradesh

(गोरखपुर,UP)09नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में 125 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने बारी-बारी से एक-एक फरियादी के पास पहुंचकर उनकी शिकायतों को सुना और प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि चिंता मत करिए, सरकार हर समस्या पर प्रभावी और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। प्राप्त शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक समाधान कराया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

फरियादियों के पास खुद पहुंचे सीएम योगी

दीपावली के दिन रविवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने जनता दर्शन किया। इस दौरान फरियादियों को कुर्सियों पर बैठाया गया था और मुख्यमंत्री स्वयं उनके बीच पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र लेकर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र प्रेषित किए। उन्होंने निर्देश दिया कि हर शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और पीड़ित को समाधान से पूरी तरह संतुष्ट किया जाए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया आश्वासन

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी का भी इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज के लिए जल्द से जल्द इस्टीमेट तैयार कराकर शासन को उपलब्ध कराया जाए। इस्टीमेट प्राप्त होते ही सरकार की तरफ से इलाज के लिए धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी।

बच्चों को दुलार कर दिया स्नेह, चॉकलेट बांटी

जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी आई थीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को खूब दुलारा और आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी दी और उनका हालचाल पूछा, जिससे बच्चे काफी खुश नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *