मुख्यमंत्री योगी पहुंचे देहरादून,मां से अस्‍पताल में की मुलाकात

Uttar Pradesh Uttarakhand News

देहरादून /उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ अपनी मां की तबीयत का हाल जानने देहरादून के जॉली ग्रांट अस्‍पताल पहुंचे हैं। रविवार को मां की तबीयत के बारे में पता चलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री गोरखपुर से देहरादून के लिए रवाना हो गए थे। वहां एयरपोर्ट से वह सीधे अस्‍पताल गए और मां से मुलाकात की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उत्तर प्रदेश के सीएम योगी की मां की हालत स्थिर है।

मिली खबर के मुताबिक उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर देहरादून पहुंचे हैं। एयरपोर्ट से वह सीधे जॉलीग्रांट अस्‍पताल गए। वहां उन्‍होंने अपनी माता श्रीमती सावित्री देवी (उम्र 80 वर्ष) से मुलाकात की। सीएम योगी ने कुछ देर तक मां से बातचीत की। उन्‍होंने डॉक्‍टरों से भी उनकी तबीयत के बारे में विस्तृत जानकारी ली। सीएम योगी के आगमन को देखते हुए देहरादून एयरपोर्ट से जॉलीग्रांट अस्‍पताल तक कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था की गई थी। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ उत्‍तराखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी थे।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी की तबीयत पहले भी कई बार बिगड़ चुकी है। इसी साल जून में उन्‍हें ऋषिकेष के एम्‍स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

दिल्ली में आज भाजपा की एक अहम बैठक में भी शामिल होंगे सीएम योगी

देहरादून में अपनी मां से मुलाकात के बाद सीएम योगी आदित्‍यनाथ दिल्‍ली जा रहे हैं। वहां वह भाजपा की अहम बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक में उनके अलावा यूपी के दोनों डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक तथा भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी शामिल रहेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में यूपी में आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा के उपचुनावों के बारे में मुख्य रूप से चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *