काशी में जले असंख्य दीप, गंगा आरती और विश्वनाथ धाम में विशेष पूजन;मृतकों को दी श्रद्धांजलि

Uttar Pradesh

(वाराणसी,UP)13जून,2025.

अहमदाबाद विमान हादसे के बाद काशी की जनता में भी शोक की लहर है। शाम को गंगा तट पर हादसे में मरने वालों के लिए शोक संवेदना व्यक्त की गई। दशाश्वमेध घाट पर 1100 दीप जलाकर और गंगा आरती के जरिये विमान हादसे में मरने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वहीं, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित नवग्रह मंडप में शांति पाठ हुआ। शांति पाठ के माध्यम से मंदिर के आचार्यों व पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धांजलि स्वरूप दीप प्रज्ज्वलित किए गए और मृतकों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की गई। सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इसके साथ ही बाबा विश्वनाथ से परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति देने की कामना की गई।

वहीं, दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से होने वाली विश्वप्रसिद्ध मां गंगा की आरती में अहमदाबाद विमान हादसे में मरने वालों को नमन किया गया। आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मां गंगा की आरती से पहले घाट पर 1100 दीपदान कर ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति की कामना की गई। श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भी दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा सचिव हनुमान यादव समेत सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

शंकराचार्य ने हादसे पर जताया शोक:
अहमदाबाद विमान हादसे पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित शताधिक लोगों के दुर्घटना में मारे जाने की सूचना मिली है। यह दुख का क्षण है। सभी हताहतों के प्रति सद्गति की प्रार्थना सह संवेदना है। अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जीतेन्द्रानन्द सरस्वती ने भी हादसे पर शोक जताते हुए मरने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *