नई दिल्ली, 02 सितंबर 2025। भारत की गैर-लाभकारी संस्था एजुकेट गर्ल्स को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड प्रदान किया गया है। संस्था की स्थापना सेफीना हुसैन ने की थी। इसने अब तक 20 लाख से अधिक लड़कियों को शिक्षा से जोड़ने का उल्लेखनीय कार्य किया है।
राजस्थान से शुरू हुई यह पहल अब देशभर के 30,000 से अधिक गांवों में सक्रिय है और ग्रामीण भारत में लड़कियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
फिलीपींस की राजधानी मनीला में घोषित इस वर्ष की पुरस्कार सूची में एजुकेट गर्ल्स का नाम शामिल किया गया। खास बात यह है कि यह पहली बार है जब किसी भारतीय संगठन को यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
रेमन मैग्सेसे अवॉर्ड एशिया का सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है, जिसे अक्सर “एशिया का नोबेल पुरस्कार” भी कहा जाता है।
