ऋषिकेश/टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने टिहरी गढ़वाल जनपद के तपोवन स्थित बजरंग सेतु एवं नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बजरंग सेतु की तकनीकी विशेषताओं, इंजीनियरिंग संरचना एवं निर्माण कार्यों की जानकारी मुख्य सचिव को दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें ग्राहकों की संख्या, दैनिक बिक्री तथा रीप परियोजना, बैंक ऋण एवं सीएलएफ योगदान से संबंधित जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिक से अधिक वृक्षारोपण कराने तथा मेनू को सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन और स्थानीय आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को और अधिक मजबूत किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
