सीएम धामी के विजन को एमडीडीए ने दी रफ्तार, हरियाली भी और सख्ती भी

Uttarakhand News

देहरादून, 17 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और नियोजित शहरी विकास के विजन को धरातल पर उतारने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने विकास कार्यों में तेजी ला दी है। बुधवार को एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों के साथ सिटी फॉरेस्ट, कालसी घाट, आमवाला तरला आवासीय योजना, ट्रेंचिंग ग्राउंड और धौलास आवासीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सिटी फॉरेस्ट को मिलेगा नया स्वरूप

सहस्त्रधारा रोड स्थित सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने इसे राज्य के प्रमुख शहरी पार्कों में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने ट्री हाउस के नवीनीकरण, पैदल मार्गों के किनारे बारहमासी फूलों के रोपण, नदी तट पर मिट्टी कटाव रोकने के लिए बांस के पौधे लगाने, लोटस फाउंटेन और भारत माता मंदिर विकसित करने की योजना पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि पार्क में स्थापित 120 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट बिजली खर्च में लगभग 90 प्रतिशत तक की बचत कर रहा है। इसे हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

जुलाई से मिलेगा आमवाला तरला योजना का लाभ

रिकॉर्ड समय में तैयार की गई आमवाला तरला आवासीय योजना का निरीक्षण करते हुए बंशीधर तिवारी ने जुलाई माह से लाभार्थियों को आवासों का कब्जा सौंपने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में पौधारोपण करते हुए छायादार एवं फलदार वृक्षों की संख्या बढ़ाने पर बल दिया।

साथ ही खुली पार्किंग को कवर करने और ड्रेनेज व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

कचरे को संसाधन बनाने की दिशा में पहल

सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक पुनः उपयोग की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके लिए नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर ठोस रणनीति बनाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि कचरे को समस्या नहीं बल्कि संसाधन के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

जुलाई में होगा कालसी घाट का लोकार्पण

यमुना नदी तट पर विकसित किए जा रहे कालसी घाट का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत चेन लगाने, हरित क्षेत्र विकसित करने और व्यापक पौधारोपण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को जुलाई माह तक सभी शेष कार्य पूर्ण कर लोकार्पण की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को जल्द मिलेगा घर

धौलास में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण करते हुए बताया गया कि 15 में से 10 टावरों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि 30 जुलाई से पूर्ण टावरों में लाभार्थियों को कब्जा सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए।

इससे सैकड़ों परिवारों का अपने घर का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ेगा।

अवैध निर्माणों पर जारी रहेगी कार्रवाई

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्राधिकरण केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और आधुनिक शहरी सुविधाओं के विकास को भी प्राथमिकता दे रहा है।

उन्होंने कहा कि अवैध प्लॉटिंग और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी तथा किसी भी प्रकार की नियमविरुद्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जनहित और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता : बर्निया

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सभी विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आवासीय योजनाओं में जल निकासी, हरित क्षेत्र, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *