देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत रुद्रपुर के ग्राम बागवाला में राज्य की सबसे बड़ी ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आवासीय परियोजनाओं में से एक को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। इस परियोजना के तहत 1872 आधुनिक फ्लैटों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही पात्र लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन तथा सचिव आवास एवं आवास आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार की सतत निगरानी में विकसित इस परियोजना को गरीब परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण (उधमसिंह नगर) द्वारा संचालित इस योजना से हजारों परिवारों का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना साकार होने जा रहा है।
मात्र तीन लाख रुपये में मिलेगा आधुनिक फ्लैट
परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रत्येक फ्लैट की कुल लागत लगभग छह लाख रुपये है, लेकिन पात्र लाभार्थी को केवल तीन लाख रुपये का ही भुगतान करना होगा। शेष तीन लाख रुपये भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार द्वारा डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की सब्सिडी के रूप में वहन किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के लिए मात्र पांच हजार रुपये जमा करने होंगे तथा शेष राशि के भुगतान के लिए बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
832 फ्लैट तैयार, शेष अंतिम चरण में
परियोजना के अंतर्गत कुल 1872 आवास बनाए गए हैं, जिनमें से 832 फ्लैट पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जबकि 512 अतिरिक्त फ्लैटों में अंतिम चरण के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। सरकार शीघ्र ही परियोजना का लोकार्पण कर पात्र लाभार्थियों को आवासों का आवंटन करेगी।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा आवासीय परिसर
करीब 6.0281 हेक्टेयर भूमि पर विकसित इस परियोजना में 23 बहुमंजिला आवासीय ब्लॉक बनाए गए हैं। लगभग 28 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले प्रत्येक फ्लैट में एक बेडरूम, ड्राइंग रूम, रसोई, शौचालय, स्नानघर तथा बरामदा उपलब्ध कराया गया है। सभी भवन भूकंपरोधी तकनीक से निर्मित हैं तथा परिसर में चौड़ी सड़कें, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छ वातावरण की समुचित व्यवस्था की गई है।
पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान
परियोजना में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग), आधुनिक सीवरेज सिस्टम, एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट), हरे-भरे पार्क, बच्चों के खेल क्षेत्र तथा व्यापक सौंदर्यीकरण कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जिससे इसे एक आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल आवासीय परिसर के रूप में विकसित किया गया है।
बेहतर कनेक्टिविटी से मिलेगी सुविधा
बागवाला स्थित यह परियोजना मुख्य बाजार से लगभग तीन किलोमीटर, बस स्टेशन से छह किलोमीटर तथा रेलवे स्टेशन से आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। बेहतर सड़क संपर्क के कारण यहां रहने वाले परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी आवश्यक सुविधाओं तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी।
लॉटरी से होगा आवंटन
सरकार ने आवास आवंटन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। पात्र लाभार्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एमआईएस पोर्टल पर पंजीकरण आवश्यक होगा। साथ ही आवेदक का 17 जून 2015 से पूर्व का उत्तराखंड निवासी होना, वार्षिक आय तीन लाख रुपये या उससे कम होना तथा परिवार के किसी सदस्य के नाम कहीं भी पक्का मकान न होना अनिवार्य होगा।
सुरक्षा और गुणवत्ता के सभी मानक पूरे
परियोजना में आरसीसी बाउंड्री वॉल, मुख्य प्रवेश द्वार, विद्युत कार्य, जलापूर्ति व्यवस्था, फायर फाइटिंग सिस्टम, अंडरग्राउंड एवं ओवरहेड वाटर टैंक सहित सभी आवश्यक अधोसंरचना तैयार कर ली गई है। यूपीसीएल द्वारा विद्युत सुरक्षा जांच तथा फायर विभाग द्वारा अग्नि सुरक्षा प्रणाली का सफल परीक्षण भी पूरा किया जा चुका है।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने क्या कहा
सचिव आवास एवं आवास आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत रुद्रपुर के बागवाला में विकसित यह परियोजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। परियोजना में गुणवत्ता, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए गए हैं। शीघ्र ही पात्र लाभार्थियों को आवास आवंटित कर उनके अपने घर का सपना साकार किया जाएगा।
