सीमांत क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत, चंपावत में शुरू हुई आधुनिक एमआरआई जांच सुविधा

Uttarakhand News

चंपावत, 29 जून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत जनपद को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक सौगात देते हुए कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड की आधारशिला है तथा राज्य सरकार आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एमआरआई मशीन के शुरू होने से चंपावत सहित पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और सीमांत क्षेत्रों के लाखों लोगों को समय पर सटीक जांच एवं बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी। अब गंभीर मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की जांच स्थानीय स्तर पर ही संभव होगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा मरीजों को शीघ्र उपचार मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल वर्तमान जरूरतों को नहीं, बल्कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत बना रही है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्माणाधीन है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।

उन्होंने बताया कि अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निर्माण पूर्ण होने से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं, प्रदेश में स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 470.05 लाख रुपये की लागत से 129 बेड का आधुनिक नर्सिंग छात्रावास तैयार किया गया है तथा चंपावत में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेज गति से आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को निःशुल्क एवं कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक अभाव किसी भी नागरिक के इलाज में बाधा न बने।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, प्रदेश मंत्री निर्मल महारा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *