देहरादून। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट, चंद्रभागा ब्रिज तथा आस्था पथ के निर्माण एवं सौंदर्यकरण से संबंधित परियोजनाओं की EFC (Expenditure Finance Committee) समीक्षा बैठक मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व में जिलाधिकारी देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा मेला अधिकारी हरिद्वार को दिए गए निर्देशों के क्रम में परियोजनाओं की व्यवहारिकता, प्रासंगिकता एवं उपयुक्तता के संबंध में अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई। मुख्य सचिव ने कार्यकारी संस्था सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारियों की समिति द्वारा दी गई अनुशंसाओं को परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होगा कार्य
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और योजनाओं में डुप्लीकेसी से बचा जाए, ताकि संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।
परियोजनाओं पर होगा 168.12 करोड़ रुपये का व्यय
आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए इन तीनों प्रमुख परियोजनाओं पर कुल लगभग 168.12 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
- त्रिवेणी घाट निर्माण एवं सौंदर्यकरण पर 109.8 करोड़ रुपये
- आस्था पथ परियोजना पर 37.09 करोड़ रुपये
- चंद्रभागा ब्रिज निर्माण पर 21.23 करोड़ रुपये
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव एस.ए. अडांकी, विशेष सचिव अजय मिश्रा, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, मेला अधिकारी हरिद्वार तथा सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए इन परियोजनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
