एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाले बॉक्सर कपिल पोखरिया ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट

Uttarakhand News

खटीमा, 05 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई, खटीमा स्थित अपने निजी आवास पर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर एवं उत्तराखंड के प्रतिभावान खिलाड़ी कपिल पोखरिया से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन के लिए कपिल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कपिल पोखरिया ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 की पुरुष 90 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से उत्तराखंड सहित पूरे देश में खुशी का माहौल है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कपिल पोखरिया की सफलता ने उत्तराखंड के साथ पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

मुख्यमंत्री ने कपिल पोखरिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वे आगे भी अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करते रहेंगे।

इस अवसर पर कपिल पोखरिया ने मुख्यमंत्री से मुलाकात और शुभकामनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *