डीडीयू के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे सीएम योगी

Uttar Pradesh

(गोरखपुर UP)12अप्रैल,2025.

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का 75वां स्थापना दिवस (हीरक जयंती समारोह) एक मई को मनाया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। आयोजन के लिए विश्वविद्यालय में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में हीरक जयंती समारोह की तैयारियों के लिए समीक्षा बैठक हुई। कुलपति ने समारोह को स्मरणीय और भव्य बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि एक मई को आयोजित होने वाले समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। समारोह की शुरुआत विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पं. गोविंद वल्लभ पंत की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हीरक जयंती वर्ष विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

हीरक जयंती द्वार और ऑडिटोरियम की रखेंगे आधारशीला:
कुलपति ने बताया कि समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय परिसर में हीरक जयंती द्वार और नए ऑडिटोरियम की आधारशिला भी रखेंगे। साथ ही विश्वविद्यालय की गौरवशाली विरासत को उजागर करने वाली फोटो ग्राफिक प्रदर्शनी गैलरी का भी आयोजन किया जाएगा।

समारोह के दौरान हीरक जयंती स्मारक डाक टिकट और सोविनियर कॉइन (सिक्का) का विमोचन भी किया जाएगा। कुलपति ने स्थापना दिवस समारोह पर आधारित डॉक्यूमेंट्री और थीम सॉन्ग की भी समीक्षा की। बैठक में समारोह के लिए गठित सभी समितियों के समन्वयक, अधिकारी और आयोजन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *