19 अक्तूबर को,दीपोत्सव, 25 लाख दीप जलाने का लक्ष्य

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)27अगस्त,2025.

अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार दीपोत्सव 19 अक्तूबर को मनाया जाएगा। दीपक से तेल चोरी न हो इसके लिए भी योजना बनाई गई।

इस बार दीपोत्सव 19 अक्तूबर को मनाया जाएगा। दीपोत्सव और कार्तिक पूर्णिमा मेला की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दीपोत्सव पिछले वर्षों की तुलना में और भी भव्य और दिव्य होगा। इस दौरान लेजर शो, ड्रोन शो और लाखों दीपों की रोशनी से सरयू तट जगमगाएगा। आयोजन को और आकर्षक व यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से अवध विश्वविद्यालय और विभिन्न विभागों के समन्वय से विशेष कार्ययोजना तैयार की गई उ
है।

जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को बैठक हुई। डीएम ने बताया कि राम की पैड़ी दीपोत्सव का मुख्य स्थल रहेगा। पिछले साल दीपोत्सव में 25 लाख दीपक जलाने का लक्ष्य रखा गया था। इस बार दीपों की संख्या को लेकर अभी मंथन जारी है। एक सप्ताह के भीतर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अवध विश्वविद्यालय के साथ मिलकर यह तय किया जा रहा है कि राम की पैड़ी पर कहां-कहां दीपक जलाए जाएंगे। इसके लिए विशेष मैपिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने कहा कि 2023 में अराजक तत्वों की ओर से दीपक से तेल निकालने की घटना हुई थी। इस बार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई गई है। दीपोत्सव की तैयारियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभागीय जिम्मेदारियां बांटी जा चुकी हैं। आने वाले दिनों में शासन स्तर पर पर्यटन व संस्कृति विभाग के अधिकारियों को भी नामित किया जाएगा। दीपक निर्माण की टेंडर प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कर ली जाएगी, ताकि समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी हों और दीपोत्सव की छटा देश-दुनिया में एक नई मिसाल कायम कर सके।

राम की पैड़ी पर 30 सितंबर तक पूरे किए जाएं निर्माण कार्य
उन्होंने राम की पैड़ी सहित दीपोत्सव स्थल पर निर्माण कार्य कर रही कार्यदायी संस्थाओं से कहा कि 30 सितंबर तक निर्माण कार्य पूरा करते हुए निर्माण सामग्रियों को हटाया जाना सुनिश्चित करें। एडीएम सिटी योगानंद पांडेय ने दीपोत्सव के तिथिवार विवरण की जानकारी दी। साकेत महाविद्यालय से निकलने वाली झांकी व शोभायात्रा, रामकथा पार्क के कार्यक्रम, सरयू आरती व राम की पैड़ी के कार्यक्रम के बारे में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने तैयारियों का ब्योरा दिया।

परिक्रमा व कार्तिक पूर्णिमा मेला के लिए मांगी कार्ययोजना
डीएम ने परिक्रमा व कार्तिक पूर्णिमा मेला के लिए संबंधित विभागों से पांच दिनों में कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के लिए कहा। परिक्रमा मार्ग पर काम कर रही कार्यदायी संस्थाओं से कहा कि 15 अक्तूबर तक परिक्रमा मार्ग की सड़कों व स्ट्रीट लाइट का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए। बैठक में सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह, एडीएम एफआर महेंद्र सिंह, सीएमओ डाॅ. सुशील कुमार, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *