(वाराणसी,UP)04अक्टूबर,2025.
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का विस्तारीकरण किया जा रहा है। यह प्रदेश के सबसे बड़ा टर्मिनल भवन होगा। इस नए टर्मिनल भवन का निर्माण 75 हजार वर्गमीटर में कराया जा रहा है। इसके निर्माण में कुल 900 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस टर्मिनल भवन की क्षमता 5000 यात्रियों की होगी।
एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि विस्तारीकरण के तहत नए टर्मिनल भवन का निर्माण अहलूवालिया कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है। अप्रैल 2024 से टर्मिनल भवन का निर्माण शुरू हुआ है। यह 36 महीने में पूरा होगा।
टर्मिनल भवन तीन मंजिला होगा जो पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। ग्राउंड फ्लोर पर आगमन हाॅल, प्रथम तल पर प्रस्थान हाॅल और तृतीय तल पर कार्यालय की व्यवस्था रहेगी। भवन में आठ एयरोब्रिज, 72 चेक-इन काउंटर, आठ कन्वेयर बेल्ट और 14 सिक्योरिटी काउंटर होंगे।
सिक्योरिटी होल्ड एरिया को काशी की संस्कृति से जोड़ते हुए यहां विशेष कलाकृतियां और वैदिक मंत्र अंकित किए जाएंगे। भवन का डिजाइन ऐसा है कि प्राकृतिक प्रकाश से ही अधिकांश हिस्से रोशन रहेंगे। सालाना 60 लाख से अधिक यात्री यहां से यात्रा कर सकेंगे।
काशी विश्वनाथ मंदिर के शिखर जैसा दिखेगा
वाराणसी एयरपोर्ट का नया टर्मिनल श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के शिखर जैसा दिखेगा। इसमें प्राकृतिक प्रकाश के लिए बड़ी कांच की खिड़कियां होंगी। गंगा घाट, मंदिर व सारनाथ की कलाकृतियां भी शामिल होंगी।
काशी की संस्कृति से जुड़ी कलाकृतियां टर्मिनल के अंदर प्रदर्शित की जाएंगी, जैसे कि अलकनंदा क्रूज के डिजाइन पर चेक-इन काउंटर बनाया जाएगा। धार्मिक पर्यटन और कनेक्टिविटी बढ़ने के कारण वाराणसी एयरपोर्ट छोटा पड़ रहा था। तब साल 2010 में बने मौजूदा टर्मिनल का निर्माण कराया गया था। साल 2020 तक प्रतिदिन औसतन 15 से 20 फ्लाइट से 5000 यात्रियों का आवागमन होता था। अब यह संख्या तीन से चार गुना बढ़ चुकी है।(
