अयोध्या में दीपोत्सव की 18 अक्टूबर को परखेंगे तैयारी

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)07अक्टूबर,2025.

उत्तर प्रदेश का पर्यटन विभाग अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव में विश्व कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी में है। इसी क्रम में दीपोत्सव की तैयारियां परखने के लिए 18 अक्तूबर को मॉक ड्रिल की जाएगी। वहीं विभाग की ओर से निकाली जाने वाली शोभायात्रा में मिशन शक्ति व स्वच्छ भारत थीम पर आधारित झांकी भी शामिल की जाएगी।

पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गोमतीनगर स्थित पर्यटन भवन में दीपोत्सव की समीक्षा बैठक में इससे जुड़ी सभी आवश्यक तैयारी समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव में एक बार फिर इतिहास रचा जाएगा। सरयू तट स्थित राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर 26 लाख से अधिक दीये जलाकर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज बनाया जाएगा। इसके लिए 33 हजार पंजीकृत स्वयंसेवक दीप जलाने के लिए लगेंगे।

मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में शोभायात्रा, मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन मैपिंग, 1100 ड्रोन शो, 3-डी होलोग्राफिक म्यूजिकल लेजर शो, कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो, म्यूजिकल ग्रीन फायर क्रैकर्स शो, हाइड्रोलिक स्क्रीन व वाटर टैबलो जैसी प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा 100 कलाकारों की सजीव संगीत की प्रस्तुति भी पर्यटकों को आकर्षित करेंगी। वहीं सरयू तट पर 2100 लोगों द्वारा महाआरती विशेष आकर्षण होगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में केंद्र सरकार के पर्यटन, संस्कृति व विदेश मंत्रालय सहित अन्य अधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के संस्कृति विभाग के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। संस्कृति विभाग की ओर से देश के सभी राज्यों से आने वाली नृत्य मंडली भी प्रदर्शन करेगी। रामनगरी में 10 जगहों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

दीपोत्सव को ईको फ्रेंडली बनाने पर जोर:
प्रमुख सचिव पर्यटन व संस्कृति अमृत अभिजात ने बताया कि दीपोत्सव को ईको फ्रेंडली बनाने की प्राथमिकता है। युवाओं और बच्चों के लिए विशेष सेल्फी पॉइन्ट बनाया जाएगा, जहां प्रभु श्रीराम और भक्त हनुमान के चित्र के साथ सेल्फी ले सकेंगे। दीपोत्सव के लिए नोडल अफसर की नियुक्ति की गई है। बैठक में महानिदेशक पर्यटन राजेश कुमार, विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया, निदेशक ईको पर्यटन प्रखर मिश्र, मंत्री के सलाहकार जेपी सिंह आदि उपस्थित थे(

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *