लगातार नौवीं बार वनटांगिया गांव में दीपावली मनाने पहुंचे सीएम योगी

Uttar Pradesh

(गोरखपुर,UP)20अक्टूबर,2025.

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या के भव्य और दिव्य दीपोत्सव को समृद्धि और सुशासन का प्रतीक बताने के साथ पूर्ववर्ती सपा और कांग्रेस की सरकारों पर तीखी टिप्पणी की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को विदेशी आक्रांताओं ने अपमानित किया था, जहां जन्म लेने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अस्तित्व को कांग्रेस की सरकारों ने नकारने का कुत्सित प्रयास किया था और सपा सरकार ने रामभक्तों को लहूलुहान करते हुए कई षड्यंत्र किए थे। आज वही अयोध्या नव्य और दिव्य होकर देश और दुनिया को आकर्षित कर रही है।

सीएम योगी सोमवार को वनटांगिया गांव जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में वनवासियों के साथ दीपावली मनाने पहुंचे थे। उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री लगातार नौवीं बार वनटांगियों के साथ दीपपर्व की खुशियां साझा कीं।

श्री अयोध्याधाम में रविवार को दीपोत्सव का नया विश्व कीर्तिमान रचने के बाद सोमवार पूर्वाह्न वनटांगिया गांव तिकोनिया नंबर तीन पधारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए 49 करोड़ रुपये की 133 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सीएम योगी ने कहा कि कल अयोध्या के दीपोत्सव की भव्यता और दिव्यता देखते ही बन रही थी। व्यक्ति जब पुरुषार्थ करता है, अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करता है, पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखता है तो उल्लास और उमंग का दिव्य आयोजन ईश्वर की कृपा से आ ही जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कायाकल्प और दीपोत्सव से पहचान सिर्फ अयोध्या की ही नहीं बनी है बल्कि नव्य अयोध्या और इसका दीपोत्सव पूरे भारत की पहचान बन गई है। समाज का हर तबका यहां बिना भेदभाव आयोजन का सहभागी बनता है।
सीएम योगी ने कहा कि आज की अयोध्या बांटती नहीं है बल्कि सबको जोड़ती है। यहां एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि के नाम पर है।भोजनालय माता शबरी के नाम पर और प्रमुख चौराहा प्रभु श्रीराम का भजन गाने वाली स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के नाम पर है।

दक्षिण भारत के प्रमुख संतों की भी प्रतिमा अयोध्या में स्थापित कराई गई है। श्रीराम मंदिर के परिसर में वाल्मीकि जी, विश्वमित्र जी के भी मंदिर बन गए हैं। यहां शंकराचार्य, रामानुजाचार्य, रामानंदाचार्य के नाम पर द्वार हैं।

पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही अयोध्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या देश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है। यहां सूर्य के किरणों से ही बिजली दी जा रही है। अयोध्या में नए भारत के नए उत्तर प्रदेश का दिग्दर्शन हो रहा है। यहां का दीपोत्सव समृद्धि और सुशासन का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि पर्व और त्योहार का हेतु ही समाज में उमंग और उल्लास का संचार करना है।

अनुशासन और समर्पण में है हमारी ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन मे अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण ही हमारी ताकत होती है। इसी के दम पर उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था के नए मानक गढ़े हैं। अनुशासन और समर्पण से ही आने वाले समय में उत्तर प्रदेश और बेहतर करने में सफल होगा। उन्होंने स्वदेशी के प्रति लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमारी समृद्धि में स्वदेशी की झलक देखनी चाहिए।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *