देव दीपावली:आयोजन की भव्य तैयारी

Uttar Pradesh

(वाराणसी,UP)25अक्टूबर,2025.

काशी में मनाई जाने वाली देव दीपावली इस बार 5 नवंबर को है। इसे लेकर वाराणसी आने वाले पर्यटकों ने पहले से ही विमान और क्रूज की बुकिंग करा ली है। आलम यह है कि अन्य शहरों से वाराणसी आने वाले विमानों में 90 फीसदी सीटें फुल हैं। ऐसा ही हाल गंगा में चलने वाले क्रूज का है।

काशी में देव दीपावली की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार काशी के घाटों पर 10 लाख दीप जलेंगे। दीप जलने के बाद घाटों का नजारा अद्भुत होता है। इस अद्भुत नजारे को निहारने के लिए हर साल करीब 10 लाख पर्यटक काशी आते हैं। देव दिवाली का खूबसूरत नजारा बीच गंगा में नाव से और भी अद्भुत नजर आता है।

यही वजह है कि देव दिवाली पर नावों की खासी डिमांड होती है। हाल ये है कि देव दिवाली से पहले ही बनारस के 90 फीसदी से ज्यादा नाव बुक हो चुके हैं। अन्य नावों की बुकिंग के लिए भी लगातार नाविकों के पास इंक्वायरी आ रही है। गंगा में चलने वाले दो क्रूज अलकनंदा और भागीरथी में 100 फीसदी सीटें फुल हैं।

क्रूज के निदेशक विकास मालवीय ने बताया कि देव दीपावली पर अलकनंदा और भागीरथी में बुकिंग फुल है। विवेकानंद और मानिकशा क्रूज में बुकिंग वीवीआईपी मेहमानों के लिए जिला प्रशासन की ओर से रोकी गई है। इसके अलावा गंगोत्री क्रूज को भी चलाने का निर्देश मिला है।
सबसे ज्यादा बुकिंग मुंबई और बंगलूरू की
ट्रैवेल एजेंटों के मुताबिक देव दीपावली पर वाराणसी आने वाले सभी विमानों में सीटें लगभग फुल हैं। 10 फीसदी सीटें ही बची हैं। इसमें सबसे अधिक मुंबई और बंगलूरू से बुकिंग हुई हैं। इसके बाद दिल्ली से भी वाराणसी लौटने वालों की संख्या अधिक है।

3 से 5 नवंबर के बीच दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट में बुकिंग अधिक:
देव दीपावली 5 नवंबर को है। ऐसे में लोग एक दो दिन पहले ही बनारस में डेरा डालेंगे। इसे देखते हुए लोगों ने पहले से ही फ्लाइट की बुकिंग करा रखी है। ट्रेवल एजेंट के मुताबिक 3 से 5 नवंबर के बीच सबसे अधिक बुकिंग है। इस दिन मुंबई से आने वाले इंडिगो और अकसा एयरलाइंस की फ्लाइट में बुकिंग सबसे अधिक है। इस दिन मुंबई से वाराणसी का किराया भी 7500 से 8000 रुपये के बीच खर्च करना पड़ेगा। ऐसे ही दिल्ली से भी इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में सीटें फुल हैं। यहां का किराया भी 3500 से 4500 के बीच है(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *