(प्रयागराज,UP)22दिसंबर,2025
संगम की रेती पर माघ मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मठ और आश्रमों के शिविरों को लगाने का कार्य तेज हो गया है। मेला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के शिविर के लिए भी भूमि पूजन हो चुका है। सोमवार को द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज के शिविर के लिए भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया गया। इस मौके पर श्री मनकामेश्वर मंदिर के महंत श्रीधरानंद ब्रह्मचारी, महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव यमुनापुरी समेत बड़ी संख्या में संत मौजूद रहे।
श्रीधरानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि माघ मेले में देशभर से श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाने के लिए आते हैं। शंकराचार्य का शिविर यहां पर लगाया गया है, ताकि लोग उनका दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकें। माघ मेले में हर साल शंकराचार्य का शिविर लगाया जाता है। यहां पर बड़ी संख्या में संत और भक्त भजन और प्रवचन का लाभ लेते हैं। कल्पवासियों की संख्या भी यहां पर काफी अधिक रहती है।
माघ मेले में प्रयागराज के बाघंबरी मठ के महंत बलवीर गिरि जी महाराज के शिविर के लिए सोमवार को भूमि पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजन-अर्चन के बाद आरती उतारी गई। भूमि पूजन के साथ ही शिविर स्थापना का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। तीन जनवरी से शुरू होने वाले माघ मेले को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। एक तरफ प्रशासन तो दूसरी तरफ संतों ने शिविरों की स्थापना शुरू कर दी है।
प्रयागराज के बाघंबरी मठ के महंत बलबीर गिरी जी महाराज ने अक्षय वट मार्ग के पास शिविर के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया कि माघ मेले के दौरान इस शिविर के माध्यम से धार्मिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। सोमवार को शिविर स्थापना से पूर्व विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। महंत ने बताया कि तीन जनवरी को माघ मेले का पहला स्नान पौषण पूर्णिमा के साथ शुरू होगा। वहीं, दूसरा 15 जनवरी को मकर संक्रांति, तीसरा 18 जनवरी को मौनी अमावस्या, चौथा 23 जनवरी को वसंत पंचमी, पांचवां एक फरवरी को माघी पूर्णिमा व आखिरी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि को स्नान होगा।
