अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने 38 वरिष्ठ महिलाओं को किया सम्मानित

Uttarakhand News

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित “नारी तू नारायणी” कार्यक्रम में राज्यभर की 38 वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया। शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, संस्कृति और जल संरक्षण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिन महिलाओं का आज सम्मान किया जा रहा है, उनके त्याग, संघर्ष, स्नेह और संस्कारों ने परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्नेह और आशीर्वाद से पीढ़ियां आगे बढ़ती हैं और समाज निरंतर प्रगति करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति का योगदान विशेष रूप से प्रेरणादायी है। यहां की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ खेत-खलिहानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और कठिन परिस्थितियों में भी मजबूती से आगे बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ की असली ताकत उसकी मातृशक्ति है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और वृद्ध माताओं की सेवा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार महिलाओं, विशेषकर वरिष्ठ महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। वृद्धावस्था पेंशन और विधवा पेंशन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है तथा बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होती हैं। उन्होंने कहा कि सक्रिय जीवन ही व्यक्ति को जीवंत बनाता है और महिला शक्ति परिवार के साथ समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में सचिव चंद्रेश कुमार यादव ने बताया कि इस वर्ष महिला दिवस कार्यक्रम की थीम “Give to Gain” रखी गई है। इसके तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की उन महिलाओं को सम्मानित किया गया जो सक्रिय, आत्मनिर्भर और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *