सीएम मान ने किया नए अस्पताल का उद्घाटन

punjab

(सुना,पंजाब)2अप्रैल,2026. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीरवार को संगरूर के सुनाम के चीमा में संत बाबा अतर सिंह की स्मृति में नए 30 बेड की क्षमता वाले सरकारी अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन किया। यह अस्पताल 11.70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधारों का आश्वासन देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगरूर में संत बाबा अतर सिंह मेडिकल कॉलेज अगले एक महीने के भीतर शुरू हो जाएगा। इसकी सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल से 50 लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।

बेअदबी पर सख्त कानून
13 अप्रैल को विधानसभा के विशेष सत्र में बेअदबी के दोषियों को कड़ी सजा देने वाला विधेयक पारित किया जाएगा। कानून और धार्मिक विशेषज्ञों द्वारा तैयार ड्राफ्ट एक-दो दिन में सरकार को मिल जाएगा।

टोल टैक्स पर हिमाचल को नसीहत
मान ने कहा कि हिमाचल को एंट्री टोल टैक्स खत्म करना चाहिए। पंजाब लगातार टोल प्लाजा बंद कर रहा है, ऐसे में हिमाचल द्वारा टैक्स वसूलना तर्कसंगत नहीं है।

आढ़तियों का समाधान
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आढ़तियों ने हड़ताल नहीं की है। उनकी मांगें केंद्र से जुड़ी हैं, जिन्हें 6 अप्रैल को केंद्र के समक्ष रखकर हल करवाया जाएगा।

विपक्ष और नशे पर कड़ा प्रहार
मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में स्पष्ट किया कि पंजाब को किसी भी नए नशे की दलदल में नहीं धकेला जाएगा और उनका एकमात्र लक्ष्य ‘नशा मुक्त पंजाब’ है। चंडीगढ़ बम धमाके पर भाजपा के आरोपों को बेतुका बताते हुए उन्होंने कहा कि आरोप लगाना भाजपा की पुरानी आदत है। वहीं, एचएस फुल्का के भाजपा में जाने पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि वे उन्हें शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन उन्हें वहां पहले से मौजूद नेताओं का हाल जान लेना चाहिए।

संगरूर मेरी सियासी राजधानी
भावुक होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संगरूर उनकी सियासी राजधानी है जिसने उनकी राजनीतिक जड़ों को सींचा है। उन्होंने वादा किया कि इस क्षेत्र के विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।सीएम ने कहा कि खेतों में अंडरग्राउंड बिजली लाइनें डालेंगे । इससे किसानों को भारी राहत मिलेगी । पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर उनके गांव सतौज से इसकी शुरुआत होगी । इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलवीर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *