आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में हिमाद्रि आइस रिंक के जीर्णोद्धार की प्रथम वर्षगांठ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाद्रि आइस रिंक देश की शान है और उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिला रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि साढ़े 8 करोड़ रुपये की लागत से आइस रिंक का जीर्णोद्धार किया गया है और इसके संचालन के लिए 1 मेगावाट का सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में यह केंद्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का प्रमुख स्थल बन चुका है, जहां एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी सहित कई बड़े आयोजन सफलतापूर्वक हुए।
उन्होंने कहा कि राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में जल्द ही “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” लागू किया जाएगा, जिसके तहत 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां खोली जाएंगी। साथ ही हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना पर भी तेजी से काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और सरकारी नौकरी जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया” जैसे अभियानों से प्रेरित होकर उत्तराखंड को देश का अग्रणी खेल राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, विधायक उमेश शर्मा काऊ समेत कई अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
