आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र को सिडकुल से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर बनने वाले 150 मीटर स्पान सीसी पुल का शिलान्यास किया। लगभग 11 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। पुल निर्माण के बाद सिडकुल सितारगंज और विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने की दूरी लगभग 9 किलोमीटर कम हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ और मैदानी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर और शक्तिफार्म-सितारगंज क्षेत्र में कई महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शक्तिफार्म में पीपीपी मॉडल पर आधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा रही है, जहां मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज का उत्पादन होगा। वहीं प्रह्लाद पलसिया में लगभग 54 करोड़ रुपये की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिसका 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है।
उन्होंने कहा कि सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, मल्टी स्टोरी पार्किंग, मोटर मार्ग, खेल स्टेडियम, साइकिलिंग ट्रैक और औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र को नई पहचान दी जा रही है। किच्छा में लगभग 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जबकि पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे की दिशा में कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को पुनर्जीवित कर तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। किसानों को राहत देते हुए गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि भी की गई है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
