सीएम धामी ने पौड़ी डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया

Uttarakhand News

पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के भ्रमण के दौरान जिला मुख्यालय स्थित श्रीनगर रोड पर विकसित डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को ₹110.55 करोड़ की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 14 योजनाओं का शिलान्यास एवं 5 योजनाओं का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण कर विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित इंटरएक्टिव मॉडल, वैज्ञानिक प्रदर्शनों और आधुनिक उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां बच्चे विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे विज्ञान संग्रहालय बच्चों में जिज्ञासा, अनुसंधान की भावना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा रामलीला मैदान में कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कंडोलिया महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से जिन 19 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, वे क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और राज्य सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार और होमस्टे योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है और पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे निर्णय राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए लिए गए हैं।

उन्होंने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में संचालित एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी-श्रीनगर मार्ग चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक तथा खेल अवस्थापना परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं क्षेत्र के विकास, रोजगार और पर्यटन को नई दिशा देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *