“डॉ.श्याम प्रसाद ने देश के लिए दिया बलिदान”-सीएम योगी

Uttar Pradesh

(प्रयागराज,UP)07जुलाई,2026

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसंघ और भाजपा के संस्थापक डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी अखंड भारत के स्वप्न दृष्टा था। अंग्रेजों ने पूरे बंगाल को पाकिस्तान में देने की साजिश रची थी, जिसका विरोध श्याम प्रसाद ने किया था। आज संयोग है कि उनकी 125वीं जयंती पर केंद्र में भी भाजपा की सरकार है और पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की सरकार है। योगी आदित्यनाथ सोमवार को यमुना बैंक रोड पर प्रेरणा स्थल का लोकार्पण करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा का यह कमल सत्ता का कमल नहीं, सुरक्षा, समृद्धि और सुशासन का कमल है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने पं. जवाहर लाल नेहरू की तुष्टीकरण की नीति का विरोध करते हुए उनकी कैबिनेट से त्यागपत्र दे दिया था। स्वतंत्र भारत के बाद बनी पहली कैबिनेट में हर दल के नेता को मंत्री बनाया गया था। हिंदू महासभा कोटे से श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंत्री बने थे। प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू सरकार ने देश की भावनाओं के विरुद्ध तुष्टीकरण की नीति पर चलकर जब अखंडता के विपरीत आचरण किया तो उसका श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने खुलकर विरोध किया और नेहरू मंत्रिमंडल से त्याग पत्र दे दिया था।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करने का कार्य कर रहे हैं। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक देश में दो निशान, संविधान का विरोध किया था। उनके सपनों को पूरा करते हुए मोदी ने कश्मीर से धारा 370 हटाने का कार्य किया। आज कश्मीर उसी तरह से भारत का एक राज्य है, जैसे हर राज्य हैं।

सीएम योगी के कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रभारी मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, आयोजक और संयोजक महापौर गणेश केसरवानी, सांसद प्रवीण पटेल, डॉ. विनोद कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, विधायकगण सिद्धार्थनाथ, हर्षवर्धन बाजपेयी, दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, पीयूष रंजन निषाद, राजमणि कोल, वाचस्पति, पूजा पाल, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, केपी श्रीवास्तव, बाबूलाल तिवारी, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, भाजपा नेता सुरेश मौर्य, कृतिका अग्रवाल, संतोष पटेल, नीरज त्रिपाठी, अशोक बाजपेयी, उदयभान करवरिया, संजय गुप्ता, राजेश शुक्ला, निर्मला पासवान, रुद्रसेन जायसवाल आदि मौजूद रहे।

श्री बड़े हनुमानजी का किया दर्शन

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री बड़े हनुमानजी का दर्शन पूजन करते हुए आरती उतारी। उनके साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत अन्य मंत्री मौजूद रहे। महंत बलवीर गिरि महाराज ने पूजन कार्यक्रम को संपन्न कराया।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *