देहरादून, 23 जुलाई। उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को प्रश्न साझा कर परीक्षा की गोपनीयता भंग की।
पुलिस के मुताबिक, वीर माधव सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने कोतवाली प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें 3 जुलाई 2026 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए जाने की जानकारी दी गई थी।
विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्नपत्र का मिलान करने पर साझा किए गए प्रश्नों और वास्तविक प्रश्नपत्र में काफी समानता पाई गई। इसके बाद गठित आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच में पाया कि सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पूर्व छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न साझा किए थे।
इस मामले में सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता पर छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने और विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने का आरोप लगाया गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 144/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316, 318(4) एवं 61(2) में मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए दस्तावेजी साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य प्रमाण जुटाए। इसके आधार पर आरोपी आशीष कुमार गुप्ता (40 वर्ष), सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। साथ ही इस पूरे प्रकरण में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य मिलने पर अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से शाकुम्भरी विहार, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है।
