मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखण्ड क्षत्रिय कल्याण समिति की वेबसाइट एवं ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया

Uttarakhand News

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट एवं ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समिति समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिल सकती है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने और उत्तराखण्ड के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। समिति को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बच्चों में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करना भी जरूरी है, ताकि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम में विधायक सुरेश सिंह चौहान, दिगंबर सिंह नेगी, गोविंद बिष्ट, सोहन सिंह नेगी, आशा असवाल, धनपाल रावत, किशन भंडारी, प्रताप सिंह बिष्ट, चंदन सिंह भंडारी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *