देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोही मास्टर रियांश पंत और प्रिशा रावत ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में माउंट किलिमंजारो जैसी चुनौतीपूर्ण चोटी का सफल आरोहण करना दोनों बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिचायक है। रियांश और प्रिशा ने अपनी उपलब्धि से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
9 वर्षीय रियांश पंत अल्मोड़ा के चीनाखान और 10 वर्षीय प्रिशा रावत नैनीताल जिले के बैलपड़ाव की निवासी हैं। दोनों नन्हे पर्वतारोहियों ने 22 अगस्त 2026 को तंजानिया स्थित 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो चोटी का सफल आरोहण कर वहां तिरंगा फहराया था।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा पर्वतारोहण, खेल और अन्य साहसिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
