हिंदू नेशनल कॉलेज में सीएम धामी ने किया रावण दहन

Uttarakhand News

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून स्थित हिंदू नेशनल कॉलेज में लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित दशहरा मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रावण दहन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया और प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दशहरा सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना का संदेश देने वाला भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। रावण दहन हमें अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, लोभ और नकारात्मक प्रवृत्तियों को त्यागकर सदाचार अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अधर्म और अन्याय चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य की ही होती है।

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन मर्यादा, त्याग, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम ने कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की सीख दी।

उन्होंने कहा कि दशहरा मेले जैसे आयोजन भारतीय सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को परंपराओं और पौराणिक प्रसंगों से जोड़ते हैं। ऐसे कार्यक्रम सामाजिक एकता और जनसहभागिता को भी बढ़ावा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *