30 मिनट में दुनिया देखेगी शिव की महिमा,गंगा अवतरण की कथा, जलाए जाएंगे 12 लाख दीये

Uttar Pradesh

(वाराणसी UP) अयोध्या के दीपोत्सव के बाद काशी की देव दीपावली को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। देव दीपावली पर संस्कृति, विरासत और परंपरा के संरक्षण के साथ ही अब आधुनिकता का समावेश भी दिखेगा। प्रदेश सरकार काशी के ऐतिहासिक घाट की दीवार पर सनातन धर्म के अभिन्न अध्यायों का थ्रीडी प्रोजेक्शन के जरिये चित्रण करेगी। चेतसिंह घाट पर थ्रीडी प्रोजेक्शन मैपिंग लेजर शो के माध्यम से आधे घंटे का शिव महिमा और मां गंगा के अवतरण पर आधारित शो होगा।

देव दीपावली की शाम उत्तरवाहिनी गंगा के तट के पक्के घाट से लेकर पूर्वी तट तक दीपों की रोशनी में सराबोर होंगे। इसके अलावा कुंडों, तालाबों और सरोवरों के किनारे भी दीपों की रोशनी से जगमग होंगे।

काशी में जन सहभागिता सुनिश्चित करते हुए करीब 12 लाख दीये जलाए जाएंगे। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने उस पार रेत पर ग्रीन आतिशबाजी होगी। काशी के आकाश रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर करने का माध्यम बनेगी।

पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि चेतसिंह घाट पर थ्रीडी प्रोजेक्शन मैपिंग लेजर शो होगा। प्रक्रिया के अंतर्गत आधे घंटे का शो होना निर्धारित है, जो तीन बार प्रसारित किया जाएगा। काशी में 15 नवंबर को देव दीपावली मनाई जाएगी(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *