उ.प्र.विधानसभा में पेश हुआ “विजन डॉक्यूमेंट-2047”

Uttar Pradesh

(लखनऊ UP)13अगस्त,2025.

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र के तीसरे दिन बुधवार को विधानसभा में विजन डॉक्यूमेंट-2047 (विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश) पर चर्चा की शुरुआत हुई। संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने एक शेर पढ़कर चर्चा का प्रस्ताव सदन में रखा, ‘बड़ी मुश्किल से कोई सुबह मुस्कराती है, गम की रात दबे पांव चली आती है, वक्त लगता ही नहीं जिंदगी बदलने में, पर वक्त को बदलने में जिंदगी लग जाती है।’ उन्होंने कहा कि बिना चिंतन और विचार के कोई बड़ी उपलब्धि नहीं मिलती है। विजन डॉक्यूमेंट का उद्देश्य आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर यूपी को देश का सबसे विकसित राज्य बनाना है।

सुरेश खन्ना ने कहा कि बीते आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने आर्थिक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। राज्य की सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 29.87 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, चालू वित्तीय वर्ष में इसे 35 लाख करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें पूर्वांचल और बुंदेलखंड जैसे क्षेत्रों में उद्योग स्थापित हो रहे हैं। वर्ष 2047 तक प्रदेश को सबसे विकसित राज्य बनाने के लिए जीरो पॉवर्टी, सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य, विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्पेस टेक्नोलॉजी और आईटी हब स्थापित करने की योजना है। ग्रामीण क्षेत्रों में कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए 242 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।

नदियों के चैनलाइजेशन, सौर ऊर्जा पर शोध और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थायी सुरक्षा को मजबूत करने की योजनाएं है। कृषि क्षेत्र में नवीनतम तकनीक और बेहतर बीजों के लिए शोध को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों को तकनीकी ज्ञान और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिल सके। कर चोरी रोकने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और अन्य प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने, बच्चों में कर्तव्य बोध और देशभक्ति की भावना को प्रबल करने और योग के माध्यम से निरोग जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक प्रदेश को गरीबी मुक्त करने का लक्ष्य है।

सपा सदस्यों ने किया हंगामा:
सुरेश खन्ना द्वारा चर्चा का प्रस्ताव पेश करने से पहले सपा सदस्य अपनी जगह पर खड़े होकर पोस्टर लहराने लगे और प्रदेश सरकार से पहले पुराने वादे पूरे करने की मांग करने लगे। विधानसभा अध्यक्ष ने सपा सदस्यों को शांत कराया। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि सरकार पहले बताए कि वर्ष 2022 के संकल्प पत्र के कितने वादे पूरे हुए। इस पर चर्चा के लिए 24 घंटे का समय भी कम है। कांग्रेस दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि यह प्रदेश के भविष्य के लिए है। इस पर विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। सपा सदस्य संग्राम यादव ने कहा कि कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में चर्चा का समय बढ़ाने को कहा गया था। भाजपा रात के अंधेरे में खेल करना चाहती है। पता नहीं किस बात का डर है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में नेता प्रतिपक्ष ने 24 घंटे चर्चा कराने को कहा था। आज अचानक उन्हें समय बढ़ाने की याद आ गई।

विपक्ष का काम अराजकता फैलाना: खन्ना
संसदीय कार्य मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वर्ष 2022 के लोक संकल्प पत्र के आधार पर ही जनता ने हमको चुना है। विपक्ष का काम केवल अराजकता फैलाना है। चुनाव ही वादे पूरे होने का सबसे बड़ा पैमाना होता है। जनता ने इनको कई बार सबक सिखाया है। यह देश की पहली विधानसभा है, जहां पर विजन डॉक्यूमेंट पर चर्चा होगी। सीएम योगी का सपना प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का है। लोगों के जीवन में सुधार लाने का है। आज यूपी बीमारू राज्य से विकसित राज्य बन रहा है। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हम अराजकता नहीं फैलाते हैं, बल्कि सरकार की कमियां बताते हैं। फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं। मजारों और मस्जिदों को तोड़ा जा रहा है। संसदीय कार्य मंत्री ने इन आरोपों का खंडन किया(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *