देहरादून। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंदों के साथ खड़े रहने की परंपरा आज भी जीवित है। इसी संवेदनशील सोच का परिचय देते हुए देहरादून निवासी सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये की धनराशि का योगदान दिया।
ब्रिगेडियर जोशी, जो वर्तमान में वसंत विहार, देहरादून में निवास करते हैं तथा मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के जहरिखाल क्षेत्र के निवासी हैं, ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर चेक सौंपा।
यह सहयोग राज्य में पूर्व में आई दैवीय आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ आपदा प्रभावित गरीब एवं वंचित बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका सहायता के उद्देश्य से प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ब्रिगेडियर जोशी की सराहना करते हुए कहा कि एक अनुभवी सैन्य अधिकारी होने के नाते उनकी यह पहल समाज के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के योगदान अन्य लोगों को भी सेवा और सहयोग के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर एच.के. जोशी की पुत्री सुश्री शानू जोशी भी उपस्थित रहीं।
