देहरादून। मुख्य सचिव Anand Bardhan की अध्यक्षता में Nainital एवं Mussoorie से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान तथा व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन सीजन के मद्देनज़र यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता और सौंदर्यकरण जैसे प्रमुख मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।
यातायात, सुरक्षा व सैनिटेशन पर फोकस
बैठक में समुचित यातायात प्रबंधन, आवश्यक स्थलों पर लाइटिंग, मुख्य मार्गों के रंग-रोगन, सौंदर्यकरण, साफ-सफाई तथा पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मुख्य सचिव ने आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल और कुमाऊँ मंडल, साथ ही जिलाधिकारी देहरादून एवं नैनीताल से अद्यतन जानकारी प्राप्त की।
त्वरित प्रस्ताव व गुणवत्ता पूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सुरक्षा, सड़क सुधारीकरण, पार्किंग, मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी, लाइटिंग एवं कूड़ा निस्तारण जैसी आवश्यकताओं के लिए यदि जरूरत हो तो दोनों जनपद तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करें। साथ ही, सभी चल रहे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
पीक सीजन हेतु वैकल्पिक व्यवस्थाएँ
यात्रा के पीक सीजन को ध्यान में रखते हुए यातायात को सुचारु रखने, वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था करने, आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू करने तथा सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के निर्देश दिए गए। स्थानीय व्यवसायियों, होटल व रेस्टोरेंट संचालकों सहित सभी हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया।
नेटवर्क ब्लाइंड स्पॉट व लाइटिंग पर विशेष ध्यान
नैनीताल व आसपास के मार्गों पर मोबाइल नेटवर्क बाधित होने वाले ब्लाइंड स्पॉट चिन्हित कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मसूरी में किंग्रेट क्षेत्र की पार्किंग के बेहतर उपयोग के लिए पर्यटन विभाग के साथ समन्वय कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
शहर की सुंदरता व अनुशासन बनाए रखने के निर्देश
मुख्य सचिव ने अव्यवस्थित विद्युत तारों के जाल को व्यवस्थित करने, भद्दे विज्ञापनों को हटाने, जल निकासी नालियों की सफाई, रंगाई-पुताई, रेलिंग मरम्मत और अन्य सौंदर्यकरण कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ओवरचार्जिंग व दुर्व्यवहार पर सख्ती
पर्यटकों से ओवरचार्जिंग या किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार पर सख्त निगरानी रखने को कहा गया। महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में तैनात कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रदेश की सकारात्मक छवि बनी रहे।
बैठक में सचिव नितेश झा, डॉ. आर. राजेश कुमार, रणबीर सिंह चौहान, डी.एस. गब्रियाल, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित गढ़वाल एवं कुमाऊँ मंडल के आयुक्त, आईजी, जिलाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
