पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने गुरुवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह महोत्सव पर्यटन, परंपरा और विकास का ऐतिहासिक संगम है, जो नयार घाटी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।
पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही विकासखंड पोखड़ा में रसलवाँण दीवा मंदिर, बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर तथा पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। महिला सशक्तिकरण विभाग की लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों को दिव्यांग उपकरण वितरित किए गए तथा महिला समूहों से संवाद कर योजनाओं का फीडबैक लिया गया।
एडवेंचर गतिविधियों का फ्लैग ऑफ
मुख्यमंत्री ने पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी जैसी गतिविधियों का फ्लैग ऑफ कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नयार घाटी प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच का अनूठा संगम है, जहां साहसिक पर्यटन से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
विकास परियोजनाओं को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर में 650 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। खोह नदी के लिए 135 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, कोटद्वार में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, एनसीसी अकादमी, मालन नदी पर पुल, माउंटेन म्यूजियम व तारामंडल सहित कई परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी।
उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत प्रशासन आमजन तक सीधे पहुंच रहा है और योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।
उत्तराखंड को बनाएंगे एडवेंचर हब
पर्यटन मंत्री Satpal Maharaj ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नयार वैली फेस्टिवल इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करेगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। जिला प्रशासन द्वारा एक ही मंच पर दस विभिन्न गतिविधियों का सफल संचालन कर उत्कृष्ट व्यवस्थापन का उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नयार घाटी आने वाले समय में देश-दुनिया के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगी और क्षेत्र के संतुलित एवं सतत विकास को नई गति मिलेगी।
