देहरादून, उत्तराखंड में होली का उत्सव पहाड़ से लेकर मैदान तक पूरे उल्लास और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही प्रदेश भर में होली का जश्न शुरू हो गया। कहीं पारंपरिक होली गीतों की मधुर धुन गूंज रही है तो कहीं डीजे की बीट पर युवा झूमते नजर आ रहे हैं। गांव हो या शहर, हर गली रंगों से सराबोर दिखाई दे रही है।
होल्यारों की टीमें ढोल-दमाऊं की थाप के साथ घर-घर पहुंच रही हैं। लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिल रहे हैं और होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं। घरों से आती ताजी गुजिया और पकवानों की खुशबू त्योहार के माहौल को और भी खास बना रही है।
बच्चों में भी खास उत्साह देखने को मिल रहा है। रंग-बिरंगी होली टी-शर्ट पहनकर और हाथों में पिचकारी लिए नन्हें बच्चे सुबह से ही सड़कों पर निकल पड़े हैं। चारों ओर रंगों की बौछार और खिलखिलाहट का माहौल बना हुआ है।
बड़े-बुजुर्ग पारंपरिक बैठकी होली का आनंद ले रहे हैं, वहीं युवा डीजे की धुन पर थिरकते नजर आ रहे हैं। महिलाएं भी समूह बनाकर होली गीत गा रही हैं और एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई दे रही हैं।
राजनीतिक गलियारों में भी होली की रौनक दिखाई दी। मुख्यमंत्री से लेकर अन्य नेताओं तक सभी होली के रंग में रंगे नजर आए और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। हर चेहरा रंगों से सजा है और हर दिल में खुशियों की लहर है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी कार्यकर्ताओं सहित प्रदेशवासियों को रंगोत्सव होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के रंगों से देवभूमि को सराबोर करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हम सब खुशनसीब हैं कि दुनियाभर में युद्ध जैसे माहौल के बीच भी भारत में लोग शांति और उल्लास के साथ रंगों का यह पर्व मना रहे हैं। अपने संदेश में उन्होंने कामना की कि होली के रंग सभी के जीवन में खुशियों और उमंगों की बहार लेकर आएं और समाज तथा प्रदेश के विकास में सहभागी बनने की प्रेरणा दें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आग्रह किया कि वे हमेशा की तरह इस पर्व में भी बढ़-चढ़कर समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं।
दुनिया के कई हिस्सों में जारी संघर्षों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत सौभाग्यशाली है जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश शांति और सद्भाव के साथ होली और रमजान जैसे त्योहार एक साथ मना रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व में अशांति के इस दौर के बावजूद भारत विकास और कल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है।
