जनगणना 2027:कर्मियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)8अप्रैल,2026.

उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के पहले चरण की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि 10 अप्रैल तक करीब 5.5 लाख प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का सत्यापित डिजिटल डाटाबेस तैयार कर लिया जाए। लोगों को जागरूक भी करें और तय समय में तैयारी पूरी करें। किसी तरह की कोई खामी न रहे।

इसके साथ ही 16 अप्रैल से 7 मई के बीच सभी कर्मियों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण पूरा करने के निर्देश दिए। घनी आबादी, शहरी और झुग्गी क्षेत्रों में सटीक गणना सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा है। उन्होंने बताया कि जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी।

आम नागरिकों के लिए स्व-गणना पोर्टल 7 से 21 मई तक उपलब्ध रहेगा, जिससे लोग खुद अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए बड़े पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएं, जिससे लोगों को इसकी जानकारी हो। महारजिस्ट्रार मृत्युंजय कुमार नारायण ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश के विकास की दिशा तय करते हैं, इसलिए इसे जन-अभियान के रूप में संचालित करना जरूरी है।

जनगणना को लेकर कर्मचारियों को किया गया प्रशिक्षित:
जनगणना 2027 में हाउस लिस्टिंग का काम 22 मई से शुरू होगा। उसको लेकर बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में फील्ड ट्रेनर्स के लिए एक रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नगर के वह कर्मचारी-अधिकारी भी शामिल हुए जिनको जनगणना के कार्य में लगाया गया है। उनको जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को बेहतर ढंग से समझाया गया।

सांख्यिकी अन्वेषक रमेश चंद्र पांडे, सहायक निदेशक उपासना गिरी और आईटीआई प्रवक्ता गौरव त्रिपाठी ने प्रतिभागियों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और संभावित समस्याओं के बारे में बताया। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि प्रशिक्षकों की जिम्मेदारी केवल खुद सीखने तक सीमित नहीं है बल्कि उन्हें दूसरों को भी सही ढंग से प्रशिक्षित करना है। इस मौके पर नगर जनगणना अधिकारी ललित कुमार, नोडल अधिकारी अशोक सिंह सहित पूरी टीम मौजूद रही।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *