सीएम योगी ने दी बुंदेलखंड को 1766 करोड़ की सौगात

Uttar Pradesh

(ललितपुर,UP)20जून,2026

ललितपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास का बड़ा बिगुल फूंकते हुए 1,766 करोड़ रुपये की लागत वाली 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। तुवन मंदिर परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड अब पिछड़ेपन की नहीं, बल्कि विकास की नई पहचान बन रहा है।

सिंचाई परियोजनाओं से किसानों की बदली किस्मत:
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वर्षों से लंबित अर्जुन सहायक परियोजना सहित रटोली डैम, भवानी डैम, खासनोडा डैम, मझगांव और चिल्ली स्प्रिंकलर सिंचाई परियोजनाओं को पूरा किया गया है। इन परियोजनाओं ने बुंदेलखंड के किसानों की तकदीर बदलने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि अब बुंदेलखंड पलायन, पानी की कमी और पिछड़ेपन के लिए नहीं, बल्कि विकास, उद्योग, सिंचाई और रोजगार के लिए पहचाना जाएगा।

मटके से नल तक पहुंचा बुंदेलखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब बुंदेलखंड की महिलाएं पानी के लिए मीलों दूर तक मटके ढोती थीं, लेकिन अब हर घर नल योजना के जरिए घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड अब देश के लिए विकास का मॉडल बन रहा है।

महिला सशक्तिकरण बना नई पहचान:
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब क्षेत्र की महिलाएं केवल पानी ढोने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वयं सहायता समूहों और दुग्ध उत्पादन गतिविधियों के जरिए अपनी आय बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। झांसी, ललितपुर और पूरा बुंदेलखंड महिला सशक्तिकरण का मॉडल बन रहा है।

एक्सप्रेसवे और इंडस्ट्रियल सिटी से बदलेगी तस्वीर:
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे क्षेत्र की तरक्की को नई गति दे रहा है। साथ ही उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी औद्योगिक नगरी भी बुंदेलखंड में विकसित करने की तैयारी है, जिससे रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे।

पिछली सरकारों पर साधा निशाना:
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड संसाधनों की कमी से नहीं, बल्कि पिछली सरकारों की नीतियों और माफिया संस्कृति के कारण पिछड़ा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता था और विकास कार्यों पर माफिया का कब्जा रहता था।

ब्रह्मोस मिसाइल और डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र:
योगी ने कहा कि बुंदेलखंड को रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बनाने का सपना अब साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है, जिसने ऑपरेशन सिंधु के दौरान दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *