(लखनऊ,UP)22जून,2026
लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया में एक एनिमेशन सेंटर में आग लगने की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। वह अलीगढ़ में विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मामले की सूचना मिलते ही कार्यक्रम के दौरान ही उन्होंने हादसे पर दुख जताया। साथ ही आगामी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया और लखनऊ के लिए लौट गए। वहीं, हादसे की चपेट में आए लोगों को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) ले जाया गया।
सीएम योगी ने कहा, ‘लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’
पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'(
