देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यस्थल पर पहुंचकर पुनर्निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं और यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि नंदा की चौकी पुल का एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशन में युद्धस्तर पर कार्य करते हुए एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण महज 12 घंटे के भीतर पूरा कर लिया गया।
पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी और आमजन को होने वाली असुविधा से राहत मिली।
मुख्यमंत्री धामी ने पुनर्निर्माण कार्य में जुटे अधिकारियों, अभियंताओं एवं कार्मिकों के त्वरित और समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपात परिस्थितियों में आमजन को राहत पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
